मानिकपुर/राजापुर/मऊ(चित्रकूट)। आंधी-बारिश से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से बिजली की आपूर्ति प्रभावित है। कुछ स्थानों पर बुधवार की शाम से बिजली की आपूर्ति ठप और गुरुवार देरशाम तक नहीं आयी। जिले के दो सौ से अधिक गांवों की बिजली बुधवार से गुल है। 36 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। उधर, मानिकपुर राजापुर और मऊ क्षेत्र के कस्बे से लेकर ग्रामीण इलाकों की बिजली गुल रही।
ताउते तूफान का असर जिले में दो दिन तक रहा। यहां आई आंधी से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। बिजली के तार टूट गए। इससे सैकड़ों गांवों में बिजली की आपूर्ति दो दिन से नहीं हो रही है। इससे ग्रामीण परेशान हैं।
मानिकपुर क्षेत्र के भौरी गांव सहित इससे जुडे़ गांव ब्यूर, बसिला, खरौंध, कोठिलहाई, छेछहिरा, लालापुर, मानिकपुर कस्बे से जुडे़ उंचाडीह, खिचरी, हेलबगदरी, कौबरा, गढ़चपा, सेमरदहा, बरगढ़ कस्बा सहित गाहुुर, मनका, गोइया, बरगढ़ मोड़ उसरी, मढ़हा आदि गांवों और मऊ क्षेत्र, राजापुर, भरतकूप क्षेत्र के कई गांवों भी बिजली की आपूर्ति दो दिनों से नहीं हो रही है।
शिवरामपुुर कस्बेे सहित क्षेत्र के गांवों में 20 घंटे से अधिक बिजली की आपूर्ति बंद है। जेई सौरभ अग्रहरि ने बताया कि लाइन में फाल्ट होने से आपूर्ति नहीं हो रही। प्रभारी अधिशासी अभियंता अनिल दुबे ने बताया कि विद्युत आपूर्ति जिन गांवों नहीं हो रही, वहां बिजली कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में लगे हैं। कई गांवों में आपूर्ति चालू करा दी गई है।