पहाड़ी (चित्रकूट)। पहरा गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम के दौरान शनिवार की सुबह लिफ्ट गिरने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से एक की मौत घटनास्थल पर, जबकि की प्रयागराज ले जाते समय हो गई। परिजनों ने बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने का आरोप लगाया है।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के चिल्ला माफी निवासी नत्थू पटेल ने बताया कि बेटा सुरेश पटेल (36) भतीजे बनवारी लाल (33) के साथ मकरी पहरा गांव में बन रही पानी की टंकी पर काम करने गया था। लिफ्ट मशीन पर चढ़कर दोनों टंकी के ऊपरी हिस्से पर काम कर रहे थे। बताते हैं जमीन गीली होने से अचानक लिफ्ट मशीन का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। इससे दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देखकर अन्य मजदूरों में अफरा तफरी मच गई। दोनों को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां डाॅक्टर ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। बनवारीलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया गया। वहां ले जाते समय मौत हो गई।