फोटो न- 22सीकेटीपी 30 मऊ तहसील में समस्याएं सुनते डीएम व एसपी। संवाद
चित्रकूट। वैसे तो शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस होता है, लेकिन इस बार शनिवार को ईद की छुट्टी थी। ऐसे में सोमवार को जिले की सभी तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस पर फरियादियों की भीड़ उमड़ी। मानिकपुर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष एक महिला ने लेखपाल पर जमीन की श्रेणी बदलने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। जिसे सुनकर अफसर-कर्मचारी सन्न रह गए। हालांकि मुख्य विकास अधिकारी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई आश्वासन दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि टिकरिया जमुनिहाई गांव निवासी सुकवरिया ने लेखपाल पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेने की शिकायत की। बताया कि उसकी भूमि संख्या 442 पहले श्रेणी-4 में दर्ज थी। इसे श्रेणी-1 में बदलने के लिए उनसे 50 हजार रुपये मांगे गए थे, जो उन्होंने दिए। हालांकि, लगभग चार महीने बाद उनकी जमीन फिर से श्रेणी-4 में दर्ज कर दी गई। महिला का आरोप है कि इस मामले में तत्कालीन लेखपाल अरबाज और उनके सहयोगी उमेश ने रुपये लिए थे।
मुख्य विकास अधिकारी देवी प्रसाद पाल ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, लेखपाल अरबाज ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि जमीन की श्रेणी में परिवर्तन उनके कार्यकाल से पहले हो चुका था। यहां पर 22 शिकायतें आई। एक का समाधान हुआ। तहसील कर्वी में 37 में से चार शिकायतें निपटीं।
मऊ तहसील जिलाधिकारी पुलकित गर्ग व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जिसमें जमीन विवाद, पानी, बिजली की समस्याएं प्रमुख रहीं। यहां पर 93 में से आठ मामले निस्तारित हुए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह व उप जिलाधिकारी राम ऋषि रमन ने समस्या सुनी।