चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग के लिए पांच से 10 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होगा। पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
चित्रकूट में आने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग के लिए परेशान होना पड़ता है। कोई पार्किंग न होने से वाहन चोरी की समस्या भी बनी रहती है। सड़क व दुकानों के किनारे वाहन खड़े करने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालत यह है कि यूपी-एमपी क्षेत्र के चित्रकूट में दो माह के अंदर तीर्थयात्रियों के चार व दो पहिया के आठ वाहन चोरी हो चुके हैं। शासन ने समस्या को गंभीरता से लिया है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। जिसमें वाहनों को एक ही स्थान पर खड़ा करने के लिए पास पांच से दस एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराने को कहा है।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने बताया कि शासनादेश के अनुरूप कार्य कराया जाएगा। तीर्थक्षेत्र को पर्यटन व धार्मिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की कई योजनाएं चल रही हैं।