बरगढ़(चित्रकूट)। पत्नी से कहासुनी होने के बाद मजदूर ने बरगढ़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। जीआरपी टीम ने उसके पास मिले कागजात के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
बरगढ़ के कटैया डांडी निवासी अशोक पटेल ने बताया कि उसका पुत्र अरविंद पटेल (35) गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में साड़ी छपाई का काम करता था। कुछ दिन पहले अपने घर लौटा था। उसने हाल ही में शंकरगढ़ जिला प्रयागराज में घर बनवाया था। वहीं पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। सोमवार को किसी बात को लेकर उसकी पत्नी ज्योति पटेल से विवाद हो गया। इससे नाराज होकर वह बाइक से अपने बच्चों को लेकर कटैया डांडी वाले घर आया। पैदल वहां रेल पटरी की ओर निकल गया और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
जीआरपी प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि प्रथम जानकारी के अनुसार युवक ने खुदकुशी की है। उसकी जेब में मिले कागजात व ढाबे से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचित किया। इससे परिजनों का रो- रोकर हाल बुरा है।