चित्रकूट। हॉटस्पॉट क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कोरोना से भयभीत होने की चर्चा एसपी तक पहुंची तो उन्होंने हॉटस्पॉट पर आठ घंटे से ज्यादा ड्यूटी पर रोक लगा दी। हुआ यूं कि कोरोना की रोकथाम को हॉटस्पॉट की सुरक्षा में लगे सिपाहियों को संक्रमण का भय सताने लगा।
उन्होंने लंबे समय तक हॉटस्पॉट क्षेत्र में ड्यूटी से असुरक्षा की बात दरोगा से कहकर छुट्टी मांगी। थोड़ी ही देर में सिपाहियों के संक्रमण से भय की बात आसपास के क्षेत्रों में नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों तक पहुंच गई। धीरे-धीरे यह चर्चा पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के कार्यालय तक पहुंच गई।
कार्यालय के एक कर्मचारी ने एसपी को सिपाहियों के बीच हुई चर्चा के बारे में बताया। सिपाहियों की बात सुनकर एसपी चौंक पड़े। उन्होंने कहा कि ऐसी बात तो अनपढ़ भी नहीं करेंगे। सुरक्षा उपाय अपनाने से संक्रमण नहीं होता। फिर भी जो भयभीत उनको राहत दी जानी चाहिए।
इसके बाद उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्र का ड्यूटी चार्ट बनाने वाले अधिकारियों को किसी भी पुलिसकर्मी की ड्यूटी आठ घंटे से ज्यादा हॉटस्पॉट क्षेत्र में न लगाने के आदेश दिए।