चित्रकूट में सपाइयों की ट्रैक्टर रैली को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों ने चलते ट्रैक्टर को कुछ इस ?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। किसानों के आंदोलन का समर्थन कर सपाइयों ने मंगलवार को ट्रैक्टर परेड निकाली। इस दौरान कई जगह पुलिस टीम की सपाइयों से तीखी नोकझोंक भी हुई। नए कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के आंदोलन के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अनुज यादव और पूर्व सांसद बालकुमार पटेल के नेतृत्व में ट्रैक्टर परेड निकाली।
शहर के ट्रैफिक चौराहे के पास पुलिस टीम ने सपाइयों के ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। हालांकि हालत बिगड़ने से पहले ही सपाइयों ने ट्रैक्टर रोक दिया। दरअसल लगभग 20 मीटर तक ट्रैैक्टर चलता रहा और पुलिसकर्मी सामने से उसे रोकने का प्रयास करते रहे।
प्रदर्शन में मौजूद पूर्व सांसद ने कहा की सरकार कृषि कानूनों के जरिये किसानों की जमीनें छीनने की योजना बना रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी इनके मंसूबे पूरे नहीं होने देगी। इसी प्रकार मऊ, मानिकपुर, राजापुर, पहाड़ी, रामनगर, लालता रोड व भरतकूप में भी सपाइयों ने ट्रैैक्टर परेड निकाली।
उधर, बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपूजन मिश्रा के नेतृत्व में किसानों ने पुलिस लाइन खोह के पास ट्रैैक्टर रैली निकाली। ट्रैक्टर परेड को देखते हुए हाईवे पर पुलिस टीम सतर्क रही। जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, महामंत्री महानंद शुक्ला, गोलाल उपाध्याय, रामसिंह पटेल, विजय द्विवेदी व करुणा शंकर गर्ग आदि मौजूद रहे।