हेलमेट पहने बिना बाइक चला रहे एक ठेकेदार की पिकप की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसा मऊ-राजापुर मार्ग के भभेंट कालोनी के पास हुआ। पिकप समेत चालक मौके भाग निकला।
बोरिंग का काम करने वाला ठेकेदार बछरन निवासी वीरेंद्र पटेल (35) पुत्र लल्लू प्रसाद गुरुवार की शाम को भभेंट में बोरिंग का काम देखने बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह राजापुर-मऊ मार्ग के भभेंट कालोनी के पास पहुंचा, तभी मऊ की ओर से तेज गति से आ रही पिकप ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे बाइक चालक छिटककर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। घटना होते ही पिकप समेत चालक भाग निकला। थोड़ी देर बाद वहां से गुजरे कुछ लोगों ने घायल को पीएचसी राजापुर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही मृतक की पत्नी माया देवी अपने तीन पुत्रों के साथ अस्पताल पहुंची। पति के मौत की जानकारी होते ही सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। राजापुर थानाध्यक्ष शैल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।