चित्रकूट। शहर के गांधीगंज मोहल्ले में डेंगू के लक्षणों वाले सैकड़ों मरीज की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की 14 सदस्यीय टीम रविवार को जांच के लिए पहुंची। लोगों में कोरोना जांच का इतना भय दिखा कि टीम के सदस्य दो घंटे तक पूरे मोहल्ले में घूमते रहे, लेकिन सिर्फ 14 लोगों ने ही जांच कराई। इसके बाद टीम ब्लीचिंग का छिड़काव कर मरीजों को दवा देकर लौट गई।
गौरतलब है कि मुख्यालय के गांधीगंज से लेकर शोभासिंह का पुरवा में डेंगू के लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। अमर उजाला ने इस खबर को रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सीएमओ डॉ. वीके सिंह ने दो डाक्टरों की 14 सदस्यीय टीम गठित कर मौके पर भेजा।
टीम प्रभारी डॉ. लखन स्वरूप गर्ग ने बताया कि जांच में कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है। सभी खांसी-जुकाम से पीड़ित हैं। मलेरिया व प्लेटलेट्स की जांच के लिए सैंपल एकत्र किए गए हैं। टीम के सदस्यों ने कहा कि प्रशासन को मोहल्ले में लोगों को जागरूक करने का प्रयास करना चाहिए, जिससे लोगों की हिचक दूर हो और सभी जांच कराएं। इससे बीमारी का सही इलाज किया जा सकेगा।