चित्रकूट। वन विभाग द्वारा कराए गए कई कार्याें में गड़बड़ी की शिकायत पर चार दिन से जांच कर रही टीम शनिवार को लौट गई। टीम ने रैपुरा और कर्वी वन क्षेत्र में कराए गए पौधरोपण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। रवानगी से पूर्व टीम के सदस्यों ने बताया कि इसका वीडियो, फोटो और लिखित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।
सेवानिवृत्त वनकर्मी चंद्रमोहन द्विवेदी, रितुराज वर्मा व द्रोणाचार्य ने की शिकायत में आरोप लगाया था कि डीएफओ समेत कई अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सहमति से बिना कराए कई कार्यों का लाखों रुपये का भुगतान निकाल लिया गया है। इसके लिए शासन ने झांसी बांदा व हमीरपुर के अधिकारियों की जांच टीम गठित की थी। लगातार चार दिन तक जांच टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर नर्सरी और बोना नाली के साथ पौधरोपण के लिए बने गड्ढों की स्थलीय जांच की।
शनिवार को जांच के अंतिम दिन जांच टीम उप प्रभागीय वनाधिकारी मऊरानीपुर झांसी एसपी गौतम, उपभागीय वन अधिकारी हमीरपुर सत्यप्रकाश सिंह, बरगढ़ रेंज के सहायक वन संरक्षक वन्यजीव प्रभाग कैमूर राकेश कुमार ने बताया कि जांच पूरी हो गई है। इसके वीडियो व फोटोग्राफ लिए गए हैं। मौके पर जाकर टीम ने जांच की है। पूरी रिपोर्ट मंडल के अधिकारियों को सौंपी जाएगी।