अंतर्राज्यीय कैनवास बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता पांच मई से होगी। इसका आयोजन न्यू स्टार स्पोर्टिंग क्लब कराएगा। सोमवार को पत्रकार वार्ता में क्लब के संरक्षक रामबाबू गुप्ता ने बताया कि इसमें जिले के अलावा बांदा, इलाहाबाद, महोबा, अतर्रा, हमीरपुर, एमपी के रीवा और सतना जिले की टीमें हिस्सा लेंगी।
इसमें गांव की प्रतिभाओं को भी मौका मिलेगा। अध्यक्ष अमित सोलंकी ने बताया कि बीस गांवों के खिलाड़ियों का तीन दिन का ट्रायल भी लिया गया। इसमें 24 प्रतिभाओं का चयन किया गया है। इनकी दो टीमें बनाई जाएंगी और इनका मुकाबला दूसरे जिलों की टीमों से होगा। क्लब के संरक्षक पंकज अग्रवाल ने बताया कि टूर्नामेंट में टीमों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था आयोजक कमेटी करेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान नगर पालिका सभासद सविता पाठक, बृजेंद्र शुक्ला, राधेश्याम गुप्ता आदि मौजूद रहे।