अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से घर और खेत में रखी फसल राख हो गई। इसमें करीब दो लाख का नुकसान होने की आशंका है।
राजापुर तहसील मुख्यालय के माधवगंज मोहल्ले में रामभवन के घर में आग लगने से अनाज, कपड़े, नगदी और अन्य सामान जल गया। आग से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। रामभवन ने बताया कि घर के बाहर खर पतवार पड़ा था। उसने आशंका जताई कि इसमें किसी ने बीड़ी फेंक दी होगी, जिससे आग लग गई। घटना के समय वह अपनी बेटी के यहां मऊ गया था।
लोगों की सूचना पर जब तक वह घर पहुंचा, सब राख हो चुका था। उधर, एक अन्य घटना में अतरौली गांव में सोमवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे महुआ की पत्तियों में लगी आग ने कई किसानों की खलिहान में रखी फसल को चपेट में ले लिया। इससे गयादीन, चंदुआ, दिनेश, देशराज, कल्लू, सिपाही और बबुआ आदि की लगभग 15 बीघे की गेहूं, अरहर और चना की फसल राख हो गई। सूचना पर राजापुर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई।