संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र के मऊ पुरवा निवासी युवक की डेढ़ माह की पुत्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन इलाज के लिए सीएचसी व जिला अस्पताल के चक्कर लगाते रहे लेकिन उसे बचा न सके। बुधवार देर रात को उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
मऊ पुरवा निवासी अवध बिहारी ने बताया कि उसकी पुत्री सिद्धी बुधवार सुबह तक ठीक थी। अचानक उसकी तबीयत खराब हुई तो उसे लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। यहां पर उसे बताया गया कि सर्दी लगने के साथ ही पीलिया की संभावना है। इस पर उसका इलाज चला लेकिन तबीयत ठीक नहीं हुई।
शाम को उसे लेकर सीएचसी मऊ पहुंचे जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में कुछ देर तक उसे ऑक्सीजन में रखा गया लेकिन उसकी मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव ले गए। बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया।