बांदा। सड़क हादसे में घायल युवक को मरा समझकर ट्रैक्टर चालक व उसके साथी ने नाले में फेंक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव निवासी मलखान (40) शनिवार को अपनी बहन सीतू के घर बरगहनी से लौट रहा था, तभी बस स्टाप के पास तिंदवारी की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक गोखरही गांव निवासी रामरुचि यादव व उसके साथी बच्चा यादव ने गंभीर घायल में मलखान को अस्पताल ले जाने के लिए अपने ट्रैक्टर में लाद लिया। रास्ते में दोनों उसे मरा समझकर मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित नाले में फेंक कर भाग निकले।
उधर, लापता हुए युवक को तलाश करते हुए परिजन बरगहनी बस स्टाप पहुंचे तो वहां के दुकानदारों ने पूरी घटना बताई। इस पर परिजनों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक व उसके साथी को पकड़ लिया। उन्होंने देहात कोतवाली में मलखान को फेंकने की बात बताई। पुलिस ने रविवार की देर शाम मेडिकल कॉलेज के पीछे नाले से युवक का शव बरामद किया। चचेरे भाई उदय ने बताया कि मलखान पेटिंग का काम करता था।
वह मुंबई से एक माह पहले गांव आया था। घर में पत्नी रीता और दो पुत्र हैं। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।