मानिकपुर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर। अखिल भारतीय श्रमजीवी संघ के कार्यकर्ताओं ने वनाधिकार कानून को सही तरीके से लागू किए जाने की मांग कर मानिकपुर कस्बे में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। एसडीएम को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि आदिवासियों की जमीन वन विभाग ने लेकर उनकी जीविका का साधन भी छीन लिया।
अखिल भारतीय श्रमजीवी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता प्रसाद के नेतृत्व में मानिकपुर क्षेत्र के कई गांवों के कोल आदिवासियों ने मानिकपुर कस्बे में बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस तहसील मानिकपुर तक पहुंचा और एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि वनाधिकार कानून 2006 में पास किया गया।
जिसमें जंगल के आसपास रहने वाले आदिवासियों व अन्य के लिए जीविका के साधन के लिए जंगल की वस्तुओं का उपयोग करने के लिए छूट दी गई, लेकिन वनविभाग ने आदिवासियों की जमीनें भी ले लीं, जिससे बनाए गए कानून का कोई फायदा नहीं हुआ। इस दौरान राजेश कोल, सुरेश कोल, महेश कोल, सुनीता, अनीता, रानी, कलिया, मोनी आदि मौजूद रहे।