निजी स्कूलों में मनमानी फीस लेने की शिकायतों पर प्रदेश सरकार गंभीर है। औचक मुआयना कर इस पर गौर किया जाएगा। अगर सरकार द्वारा निर्धारित राशि से ज्यादा फीस वसूली पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। ये बात एससी एसटी आयोग के उपाध्यक्ष व्यास जी गोंड ने कही। उन्होंने ऐसे स्कूलों के प्रबंधकों को आगाह किया कि वे मानक से ज्यादा फीस न वसूलें।
सोमवार को जिले के दौरे पर आए उपाध्यक्ष व्यास जी ने पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि सरकार ने तय किया है कि स्कूलों में वाहन चलाने वाले व्यक्ति को कम से कम पांच साल का अनुभव होना चाहिए और उसका लाइसेंस भी कम से कम पांच साल पुराना होना चाहिए। उपाध्यक्ष ने इस दौरान सपा सरकार की उपलब्धियों का गुणगान भी किया। कहा कि सरकार ने लैपटॉप, छात्रवृत्ति आदि देकर विद्यार्थियों को उन्नति पथ पर चलने का अवसर दिया। स्वास्थ्य विभाग में एंबुलेंस गरीबों के लिए फायदेमंद साबित हुई हैं।
पहली बार पूरे देश में यूपी में इस तरह की सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि जरूरतमंद के पास पंद्रह मिनट में एंबुलेंस पहुंच जानी चाहिए। प्रदेश सरकार ने अपने बजट से किसानों की मदद की। कटाक्ष किया कि मोदी जी अभी तक काले धन का पांच रुपये भी वापस नहीं ला सके। साल भर विदेशों में ही रहते हैं। उनकी विदेशों की राजनीति में ज्यादा दिलचस्पी है।