चित्रकूट। सोशल मीडिया पर अच्छाइयों के साथ बुराइयां भी रहती हैं। छात्राएं सिर्फ अच्छाइयों की ओर ध्यान दें। यदि कोई साइबर अपराधी परेशान करे तो 1930 पर कॉल कर जानकारी दें। पुलिस उन्हें सजा दिलाएगी। ये बातें सीओ राजकमल ने सोमवार को जेएम बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस की पाठशाला में कही। छात्राओं ने सीओ से कई सवाल भी पूछे।
सोमवार को उमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में सीओ ने छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। कहा कि यातायात नियमों का पालन जरूर करें। इससे आप हादसों से बच सकती हैं। छात्राएं 18 वर्ष की आयु के बाद लाइसेंस बनवाकर ही वाहन चलाएं। कहा कि 18 वर्ष से अधिक की छात्राओं को यातायात विभाग की ओर से वाहन चलाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। यह भी कहा कि अनुशासन में रहकर पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी।
यातायात प्रभारी ने शैलेंद्र सिंह ने कहा कि स्कूटी चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। यदि कोई नाबालिग वाहन चलता मिला अभिभावकों पर जुर्माना होगा। कार्यक्रम में छात्राओं को अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से प्रेरक पुस्तकें व डायरी भी दी गई।
इनसेट...
कार्यक्रम में इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक जेएम सिंह, प्रधानाचार्य अभिमन्यु सिंह, अनूप श्रीवास्तव, शिक्षक विनोद त्रिपाठी आदि का सहयोग रहा।
छात्रों के सवालों का सीओ ने दिया जवाब
बारहवीं की छात्रा रोशनी ने पूछा साइबर अपराधी से बचने के लिए क्या करें। इस पर सीओ ने कहा कि अनचाही कॉल आने पर बात न करें।
बारहवीं की ही मिर्जा निगहत ने पूछा कि कोई अपराधी परेशान कर रहा है तो क्या करें। सीओ ने कहा कि इसकी सूचना थाने में दें। पुलिस कार्रवाई करेगी। कक्षा नौ छात्रा ने वरिशा खान ने कहा कि बिना मोबाइल के काम नहीं चलता। इसके बाद भी मोबाइल का इस्तेमाल करने के लिए मना किया जाता है। सीओ ने कहा कि मोबाइल का सही उपयोग करें। कक्षा 9 की ही छात्रा सहर फिरोज ने कहा कि हेलमेट लगाना क्यों जरूरी है। इस पर सीओ ने कहा कि शरीर का मुख्य अंग सिर है, उसे चोट से बचाने के लिए हेेलमेट बहुत जरूरी है