फोटो-9- कोरोना टीका लगवाते ग्रामोदय विवि के कुलपति प्रो.नरेश चंद्र गौतम व अपनी बारी का इंतजार करते
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/मानिकपुर। जनपद में 60 साल से अधिक उम्र वाले 26 बुज़ुर्गों को कोरोना का टीका लगा। टीकाकरण का शुभारंभ जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर से हुआ। टीका लगवाने के बाद बुजुर्ग बोले कि कोई समस्या नहीं हुई। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के बाद भी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना आवश्यक है। उधर, जानकीकुंड अस्पताल में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नरेश चंद्र गौतम, निदेशक डॉ. बीके जैन व डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन की मौजूदगी में टीकाकरण हुआ। मानिकपुंर के नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद द्विवेदी ने भी पालिका कर्मचारियों के साथ टीकाकरण कराया।
सीएमओ डॉ.विनोद कुमार यादव ने बताया कि 26 लोगों को टीका लगाया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश पहाड़ी ने बताया कि टीकाकरण के लिए जिले में शहर क्षेत्र में 4 और ग्रामीण क्षेत्र में 71 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में 12 लोगों को टीका लगाया गया जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में 14 लोगों का टीकाकरण किया गया। टीका लगवाने के लिए व्यक्ति को अपना निर्वाचन कार्ड, आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक में से कोई एक और एक मोबाइल नंबर केंद्र में उपलब्ध कराना होगा। तभी रजिस्ट्रेशन होगा।
--
बुजुर्गों ने साझा किए अनुभव
टीकाकरण कराने के बाद सीतापुर निवासी हनुमान प्रसाद निर्मल ने बताया कि उन्हें कोई समस्या नहीं हुई है। सभी बुजुर्गों को टीका लगवाना चाहिए। टीका लगने के बाद राम अवतार स्वर्णकार ने बताया कि टीकाकरण सभी के हित में है। इसमें बिना किसी हिचकिचाहट के लगवाना चाहिए। ताकि कोरोना जैसी महामारी से स्वयं के साथ अन्य लोगों को भी बचाया जा सके।