मऊ/बरगढ़ (चित्रकूट)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर मऊ थाना क्षेत्र के छिवलहा मोड़ पर बोलेरो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सूरत, ललितपुर और पन्ना के 19 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। दुर्घटना का कारण बोलेेरो चालक को झपकी आना और गलत दिशा में जाना बताया गया है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आठ घायलों को रेफर किया गया है।
महाकुंभ में स्नान कर प्रयागराज से गुजरात के सूरत शहर के प्रकाश भाई व विनोद भाई कार से चित्रकूट आ रहे थे। शनिवार की देर रात लगभग तीन बजे मऊ-बरगढ़ के बीच हाईवे पर छिवलहा मोड़ पर उनकी कार की प्रयागराज की ओर जा रही बोलेरो से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर मऊ व बरगढ़ पुलिस टीम पहुंची और 19 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में विनोद व प्रकाश के अलावा ललितपुर तालबहेट निवासी विनायक, राजबहादुर, बृजकुमारी, नरपत, आकाश, किशन, बबिता, गजेंद्र, परमानंद, युवराज, देवेंद्रनगर पन्ना निवासी गेंदा रानी, रामरानी, प्रकाश, जगदीश, आरती, सियारानी, शिवम व छतरपुर के तालविजावर निवासी मिजाजी लाल हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जानने डीएम शिवशरणप्पा पहुंचे। डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। प्राथमिक इलाज के बाद आठ को रेफर किया गया है। उधर, घटना स्थल पर मऊ थाना प्रभारी विनोदराय व बरगढ थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को रास्ते से हटवाया। लगभग आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।