चित्रकूट। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 24 फरवरी से परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसके लिए 38 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 25198 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीआईओएस संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षाएं 24 फरवरी से लेकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा के लिए 38 केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 6872 बालक व 6372 बालिका समेत 13244 और इंटर में 6124 बालक और 5825 बालिका समेत कुल 11949 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। जिले में कोई भी संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है।
नकलविहीन परीक्षा के लिए चार जोनल मिजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 38 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। साथ ही 38 केंद्र व्यवस्थापक व इतने ही वाह्य केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट व 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में नियुक्ति किए गए हैं। औचक निरीक्षण के लिए पांच सचल दलों का गठन किया गया है।