चित्रकूट। दिवाली मेले में मंदाकिनी नदी की जलधारा बनाए रखने के लिए फाटकों को बंद किया जा रहा है, लेकिन नदी के बीचोंबीच पड़ा टूटा पुल पानी के प्रवाह में बाधा बना हुआ है।
29 अगस्त को आई भीषण बाढ़ में रामघाट से नयागांव को जोड़ने वाला पुल टूटकर नदी में गिर गया था। दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी पुल का अटका मलबा नहीं हटाया जा सका है, ऐसे में फाटक बंद करने के बाद भी जलधारा को लेकर की जा रही कवायद पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पिछले 24 घंटे से अधिक समय से हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी का जलस्तर फिलहाल ठीक नजर आ रहा है। इससे नदी में पर्याप्त पानी दिखाई दे रहा है, लेकिन बारिश का दौर थमने के बाद स्थिति बदल सकती है। रामघाट से नयागांव को जोड़ने वाला पुल 29 अगस्त को आई बाढ़ की चपेट में आकर टूट गया था।
पुल का हिस्सा नदी में गिरने के बाद से वहीं पड़ा है। अब दिवाली मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन नदी के बीच से पुल को हटाने का काम अब तक नहीं हो सका है। स्थानीय निवासी जगतनारायण, भोला पंडित और आचार्य रघुवीरदास ने कहा कि प्रशासन को मेले से पहले इसे हटवाना चाहिए।
वहीं रामघाट से हनुमान धारा जाने में लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए भैरव घाट के पास पीपा पुल तैयार किए जा रहे हैं। इनमें एक पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि दूसरे का निर्माण जारी है। इससे लोगों को नदी पार करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
-
वर्जन
पीडब्ल्यूडी ने किया टेंडर
नदी में टूटकर गिरे पुल को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर किया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल हटाने का काम कराया जाएगा। फिलहाल लोगों की आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए पीपा पुल तैयार कराए जा रहे हैं।
- अंकित सोनी, अधिशासी अधिकारी, सतना।
31 सीकेटीपी- 07-नदी में गिरा पड़ा टूटा पुल। संवाद