घटना के बाद गमगीन बैठे परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर (चित्रकूट)। इलाके में गुरुवार को घर से निकले नाबालिग सुरेंद्र उर्फ गुन्नू की उसके ही दोस्तों ने गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को एक खेत में फेंक हत्यारोपी फरार हो गए। शुक्रवार को सुरेंद्र का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पिता का आरोप है कि गांव के चार दोस्तों के सुरेंद्र जुआ खेल रहा था। रुपये हारने पर आरोपी उससे रुपये छीनने लगे। इसका विरोध करने पर नाबालिग हत्यारोपियों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को पकड़ लिया है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के दराई गांव निवासी फूलचंद्र यादव खेती करते हैं। उनका बेटा सुरेंद्र (14) गुरुवार की शाम गृहस्थी का सामान खरीदने के लिए घर से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार की सुबह गांव में एक सरसों के खेत में सुरेंद्र का शव मिला, तो खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
फूलचंद्र ने बताया कि गांव के कुछ लड़कों के साथ सुरेंद्र जुआ खेलता था। जीत हार की खुन्नस के चलते घटना हुई है। गले में निशान मिले हैं। सुरेंद्र तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां ऊषा का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
थाना प्रभारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि जुआ में रुपये जीतने के बाद सुरेंद्र से रुपये छीनने की हत्यारोपियों ने साजिश रची। आरोपी बहाने से उसे पास स्थित खेत में ले गए। वहां उसके पैंट व शर्ट की जेब से रुपये निकालने लगे।
इसका विरोध करने पर आरोपियों ने सुरेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों मौके से भाग गए थे। चारों आरोपी नाबालिग हैं और इसी गांव रहने वाले हैं। नामजद रिपोर्ट दर्ज कर चारों को पकड़ लिया गया है।
मृत मिले बालक के घर में पूछताछ करती पुलिसटीम। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT
सुरेंद्र उर्फ गुन्नू- फाइल फोटो । संवाद- फोटो : CHITRAKOOT