फोटो- 9- जिला अस्पताल में मरीजों का हालचाल लेतीं राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभागुप्ता। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी मंत्री के निरीक्षण के दौरान बेड पर मृत महिला के परिजन को फल देने के प्रकरण की भी जानकारी ली। शासन से मांगी रिपोर्ट के बारे में पूछा तो सीएमएस ने बताया कि रिपोर्ट भेज दी गई है। निरीक्षण के दौरान चार डॉक्टर और तीन संविदा कर्मी ड्यूटी पर नहीं मिले। सीएमएस को इनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को महिला आयोग की सदस्य ने निरीक्षण में जच्चा-बच्चा केंद्र के पास जमीन पर बैठीं महिलाओं को बेड पर लिटाने के इंतजाम करने के लिए कहा। पंखा व कूलर का इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसएनसीयू के बंद एसी को सही कराने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान कई डाक्टर ड्यूटी पर नहीं मिले। वार्ड में जाकर मरीजों व गर्भवती महिलाओं से बातचीत की। सीएमएस डॉ. राजेंद्र खरे को नदारद डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती भी मौजूद रहीं।