चित्रकूट। शहर के बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान कुछ दुकानदारों व युवकों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर हमला कर दिया। जान बचाकर भागे अधिकारी ने मामले की शिकायत डीएम से की। डीएम ने कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालजीत यादव ने बताया कि दो दिन पूर्व विभागीय कार्य के लिए बसस्टैंड की कुछ दुकानों का निरीक्षण कर रहे थे। इसी बीच एक दुकानदार के साथ मौजूद दो युवकों ने उसे गाली देकर भागने को कहा। विरोध किया तो युवकों ने तमंचा दिखाकर उनकी पिटाई कर दी। किसी तरह वह वहां से जान बचाकर भागे और मामले की जानकारी डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को दी है। डीएम ने मामले में कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। उधर, आरोपी दुकानदार का कहना है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी उनसे और अन्य दुकानदारों पर अनावश्यक दबाव बना रहे थे। उनसे बाद में आने को कहा तो अधिकारी ने जोर जबरदस्ती जांच करने की बात कही थी जिससे मामूली नोकझोंक हुई थी किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है।
इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। हमले की जांच की जा रही है।