आपदा पीड़ित किसानों की फसलों का सर्वे करने के लिए अभी तक कोई नहीं आया। जिला प्रशासन के अफसर सर्वे न कराकर इन पीड़ित किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं।
गुरुवार को कोठिलहाई गांव के पीड़ित किसान खराब फसल लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे और अपनी व्यथा बताई। वहीं नांदी गांव की महिलाओं ने समाजवादी पेंशन के मुद्दे पर पंचायत मित्र पर अनियमितता का आरोप लगाया।
कोठिलहाई गांव के रामसिंह, देशराज सिंह, हीरालाल, मेवालाल, राजकुमार, रामसुमेर सिंह, प्रयागनारायण, प्रकाश सिंह ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि ओलावृष्टि से पहले ही तबाह हो चुके हैं अब बची फसल तेज बारिश ने बर्बाद कर दी।
इसके बावजूद अभी तक सर्वे के लिए कोई नहीं पहुंचा है। लेखपाल ने भी खानापूरी की है। जिलाधिकारी से सर्वे कराने की गुहार लगाई।
उधर, नांदी गांव की पिंकी देवी, संवरिया, लीला, देवमती, गुलाबकली, गिरिजा देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पंचायत मित्र पर आरोप लगाया कि वह सुविधा शुल्क मांगता है। पैसा देने पर ही समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों की सूची में नाम दर्ज होगा। महिलाओं ने जिलाधिकारी से जांच की मांग की।