खोही (चित्रकूट)। जिले की सीमा से सटे बरौंधा थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी से डाकू गौरी बनकर एक अपराधी ने पांच लाख की रंगदारी मांगी है। मोबाइल में यह मैसेज पढ़ते ही व्यापारी व उसके परिजन भयभीत हो गये और पुलिस सूचना दी। इस मामले की जानकारी होते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई। एसपी सतना ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त हो चुकी है जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। यह मैसेज डाकू गौरी के नाम पर भेजा गया है आरोपी को पकड़ने के बाद उसके गैंग से कनेक्शन की भी संभावना की जांच होगी।
सतना मप्र जिले के बरौंधा थाना अंतर्गत कस्बा निवासी व्यापारी संतोष गुप्ता ने बुधवार की सुबह बताया कि उसके मोबाइल में एक मैसेज आया जिसमें लिखा है कि जल्द ही पांच लाख की रंगदारी उसे पहुंचाएं । मैसेज में साढे़ पांच लाख के इनामी डाकू गौरी यादव का नाम लिखा था। यह मैसेज पढ़ते ही पीड़ित व उसके परिजनों ने पुलिस सूचना दी। बरौंधा थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक सतना धर्मवीर सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल कर ली गई है। यह मैसेज डाकू गौरी ने नहीं बल्कि एक अपराधी किस्म के युवक ने भेजा है। उसकी भी शिनाख्त हो गई है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। इसने डाकू गौरी के नाम का प्रयोग कर पीड़ित से रंगदारी मांग डराने का प्रयास किया है। इसे पकड़ने के बाद इसके अपराध व गैंग से संबंध की भी जांच होगी।