चित्रकूट। रैपुरा क्षेत्र के गुंता बांध से छोड़े गए पानी ने किसानों के लिए आफत खड़ी कर दी है। इससे करीब आधा दर्जन गांवों की 500 बीघा से अधिक फसल जलमग्न हो गई है। किसान प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं।
रामपुर, बेलरी, अगरहुडा, ओड़की, बराछी, कौबरा, कोलवाडांड और सलैया सहित कई गांवों के किसान प्रभावित हुए हैं। धान, उड़द और तिल की खड़ी फसलें पानी में डूबी हुई हैं। कई दिनों से खेतों में पानी भरा होने के कारण फसलें सड़ने लगी हैं। किसान रामकेश, रमेश और राजू यादव ने बताया कि हर साल बिना सूचना के बांध से पानी छोड़ दिया जाता है। इससे उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाती है।
बेलरी गांव के किसानों ने कहा कि उन्होंने कर्ज लेकर बोआई की थी। खेतों में कटने को तैयार धान की फसल भी पानी में डूब गई है। खेतों से पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं है। किसानों ने लेखपाल और तहसील प्रशासन से कई बार शिकायत की है। हालांकि, खेतों का सर्वे नहीं किया गया और न ही कोई मुआवजा मिला है।
किसानों ने जल्द-से-जल्द राजस्व टीम से सर्वे कराने व प्रति बीघा के हिसाब से उचित मुआवजा दिलाने की अपील की है। किसानों ने यह भी कहा कि बांध से पानी छोड़ने से पहले उन्हें सूचना दी जाए। साथ ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि हर साल होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
बोले जिम्मेदार
कुछ किसानों ने बांध के डूब क्षेत्र में फसल की बोआई की होगी। उसी में पानी भरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी नहर संचालित नहीं है, इसलिए खेतों में पानी बारिश का हो सकता है। शिवेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड।