फोटो-8- निराश्रित बच्चों को सरकारी योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान करते राज्यमंत्री व डीएम। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को आर्थिक मदद दिलाने का कार्यक्रम आयोजित हुआ। ऑनलाइन हुए कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया। इसमें चित्रकूट के 27 बच्चों को स्वीकृति प्रमाणपत्र और उपहार दिए गए।
गुरुवार को लोनिवि राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय और डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल की मौजूदगी में कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारंभ व लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिया गया। डीएम ने योजना की विस्तृत जानकारी दी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी रामबाबू विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के 13 परिवारों में से 27 बालक-बालिकाओं को स्वीकृति प्रमाणपत्र दिए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के शुभारंभ का प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्टर से दिखाया गया। सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि व लाभार्थी मौजूद रहे।
कुपोषित बच्चों को दे रहे स्वास्थ्य लाभ
चित्रकूट। जिला अस्पताल में राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय और डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कुपोषित बच्चों को फल बांटे। राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बाल सेवा योजना का शुभारंभ किया है। सीएमएस डा. आरके गुप्ता ने बताया कि जिले के कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में स्वास्थ्य लाभ के लिए भर्ती कराया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों की टीम व विभागीय अधिकारी कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए कुपोषित बच्चों का चिह्नांकन करा रहे हैं। डीएम ने कहा कि चिह्नित कुपोषित बच्चो को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर स्वास्थ्य लाभ दिलाया जाएगा। इस दौरान अपर उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, सीएमएस सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक भी मौजूद रहे। संवाद