भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर जिला इकाई ने कई गांवों में रैलियां निकालीं और जनसभाएं कीं। इस मौके पर नेताओं ने ग्रामीणों को भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ लड़ने का संकल्प दिलाया।
शनिवार को बिहारा में हुई भाकपा की जनसभा में जिला सह सचिव अमित यादव ने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल हर वर्ग के किसानों के खिलाफ है, इसे हर हाल में वापस होना चाहिए। ऐसा न हुआ तो किसानों की जमीन विदेशी कंपनियों के हवाले कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में इमरजेंसी के हालात बन रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी मनमानी और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। लोग विभागों के चक्कर काट रहे हैं।
लोहिया समग्र गांवों की हालत बदतर है। उसरीपुरवा में हुई जनसभा में उन्होंने कहा कि लोहिया समग्र गांव में चार साल के बाद भी कोई काम नहीं हुआ। रैलियों के माध्यम से भाकपा अब सरकार की नाकामी की पोल खोलेगी। बिहारा गांव में जनसभा की अध्यक्षता बांके बिहारी चौबे ने की। भाकपाइयों के जत्थे ने शनिवार को इटखरी, रमपुरवा आदि में भी रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया। इस मौके पर सुरेश कुमार, संदीप पांडे, हनुमान, कमलेश यादव, पप्पू, राजकुमार, शिवबरन, शिवपूजन आदि मौजूद रहे।