चित्रकूट/भरतकूप। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस के टोल प्लाजा पर इलेक्ट्रीशियन की करंट लग गया। घटना के बाद अन्य स्टाफ वहां से भाग निकला। मजदूरों की सूचना पर निर्माण कराने वाली कंपनी के कर्मचारी पहुंचे और उसे लेकर जिला अस्पताल गए। वहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।
भरतकूप थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे मार्ग पर अर्द्धनिर्मित टोल प्लाजा पर ऐपको इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ द्वारा सड़क व विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। जिसमें बृहस्पतिवार की सुबह कार्यरत इलेक्ट्रीशियन मऊ जिले के कोपागंज मुबारकपुर ग्राम पारा निवासी पंकज कुमार यादव (36) करंट की चपेट में आ गया।
इससे वहां हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी वहां से भाग निकले। मौके पर मौजूद इं. विनय शुक्ला आदि ने पंकज को जिला अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनो को मिलने पर कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पुत्र व एक पुत्री है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है।
स्टाफ पर सहयोग न करने का आरोप
घटना की जानकारी होते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रधान मौके पर पहुंचे और फिर पोस्टमार्टम हाउस भी आए। मृतक के परिजनों ने स्टाफ पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी होने पर निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के मार्ग पर टोल प्लाजा निर्माण का काम देख रही कंपनी के कई अधिकारी व कर्मचारी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों ने बड़ी बेरुखी से मृतक के परिजनों से बात की, जिस पर आपत्ति जताई गई। संवाद