चित्रकूट। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन 2 मई को होने वाली पंचायत चुनाव की मतगणना में सतर्कता बरत रहा है। जिसके तहत मतगणना स्थल पर कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट रखने वाले उम्मीदवारों और अभिकर्ताआें को ही प्रवेश मिलेगा। उधर, मतगणना की तैयारी को प्रशासन ने अंतिम रूप दे दिया है। जिसके तहत ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में हुए मतदान की मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले में मऊ विकास खंड के 168 मतदेय स्थलों से आई मतपेटिकाओं के मतों की गणना पुरुषोत्तम द्विवेदी इंटर कालेज मऊ में होगी। रामनगर ब्लाक के 128 मतदेय स्थलों के वोटों की गणना सीपी गौतम महाविद्यालय तेंदुआ खुर्द देऊंधा रामनगर में होगी। पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र के अंतर्गत 246 मतदेय स्थलों की मतपेटिकाओं के मतों की गणना श्री पालेश्वर नाथ इंटर कालेज पहाड़ी में होगी। वहीं सदर ब्लाक के 306 मतदेय स्थलों में पड़े वोटों की गणना जिला मुख्यालय स्थित चित्रकूट इंटर कालेज कर्वी और मानिकपुर ब्लाक के अंतर्गत आने वाले 233 मतदेय स्थलों से आई मतपेटिकाओं के वोटों की गणना श्रीमती पकौआ देवी संस्कृत महाविद्यालय मानिकपुर में होनी है।
------
ऐसी होगी व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के कुल 1,081 मतदेय स्थलों के आधार पर 65 मतगणना मेज लगेगी। इसमें मऊ ब्लाक के न्याय पंचायत मंडौर, पूरब पताई, बियावल, खंडेहा, खप्टिहा, गाहुर, बरगढ़ और रामनगर ब्लाक के रामनगर, रामपुर, हन्ना विनैका, छीबो व नांदिन कुर्मियान न्याय पंचायत में दो-दो मेज मतगणना के लिए है। इसी प्रकार पहाड़ी ब्लाक के भदेहदु, बिहरवा, बरद्वारा, सरधुवा, हरदौली, गौहानीकलां, ओरा, कलवारा, पहाड़ी बुजुर्ग, औदहा, बछरन, लोहदा, नांदी, अशोह और मानिकपुर ब्लाक के ऊचाड़ीह, उमरी, संरैया, किहुनियां, रामपुर कल्याणगढ़, रूकमा खुर्द, भौरी, अगरहुंडा, ऐचवारा, रैपुरा न्याय पंचायत में एक-एक मेज रहेगी। इसके अलावा सदर ब्लाक के कसहाई, लोढ़वारा, परसौंजा, घुरेटनपुर, संग्रामपुर एक-एक मेज और कपसेठी, इटखरी, खोह, शिवरामपुर, भारतपुर, रसिन न्याय पंचायत में दो-दो मेज रहेगी।
------