चित्रकूट। जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर अब चुनावी रंग चटक हो गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी जनसभा से राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है। अब भाजपा के स्टार प्रचारकों का दो दिन जिले में जमावड़ा रहेगा। सपा की जनसभा में उमड़े जनसैलाब से अब अन्य दलों के नेताओं पर सपा से बड़ी लकीर
खींचने का प्रयास शुरू हो चुका है।
मंगलवार को जिला मुख्यालय के खोह गांव स्थित मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनसभा कर अपने दल के दोनों प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इस सभा के बाद से प्रमुख प्रतिद्वंद्वी भाजपा, कांग्रेस
व बसपा के प्रत्याशियों और पदाधिकारियों पर दबाव बढ़ा है। वैसे भाजपा अपनी दोनों सीटें बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। बुधवार 23 फरवरी को पड़ोसी जिले कौशांबी के मंझनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली होनी है। इसमें चित्रकूट से भीड़ ले जाने का प्रयास जारी है। इसके अलावा पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी
भागवत त्रिपाठी ने बताया कि 24 को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, अपना दल एस की सांसद अनुप्रिया पटेल, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद आएंगे। प्रचार के अंतिम दिन 25 को सीएम योगी
आदित्यनाथ की जनसभा होगी। कांग्रेस की मानिकपुर सीट की प्रत्याशी रंजना पांडेय ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के कार्यक्रम की संभावना है पर अभी व्यस्तता के चलते मंजूरी नहीं मिली है।