मानिकपुर(चित्रकूट)। हावड़ा-मुंबई मार्ग के मारकुंडी रेलवे क्रासिंग पर बिना फाटक बंद ट्रेन के गुजरने के मामले को डीआरएम जबलपुर समेत अन्य अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। साथ ही मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों का ग्रामीणों के साथ बर्ताव को अनुशासनहीनता माना है। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।
मंगलवार की सुबह रेलवे की बड़ी चूक सामने आई थी। गेट संख्या 402 के खुले रहने के दौरान ट्रेन गुजर गई थी। वहां से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया था। कुछ लोगों की सतर्कता से कई वाहन चालकों की जान बच गई थी। इसके बाद खुले रेल फाटक व अन्य फोटो व वीडियो बनाने वाले ग्रामीणों से सेफ्टी विभाग के अधिकारी व गेटमैन ने अभद्रता भी की थी। बुधवार को इस मामले को लेकर रेलवे विभाग मे हड़कंप मच गया है। जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी लेकर छानबीन मे जुटे है।
डीआरएम जबलपुर मनोज सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिली है। अभी जो स्थिति बताई गई है वह चिंतनीय है। मामले की जांच कराकर रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद दोषी पर कार्यवाही की जाएगी।