घटना की जानकारी देते पहाड़ी के अशोह गांव के पास ट्रकों की टक्कर के बाद मृत चालक के परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना अंतर्गत अशोह गांव के पास ट्रक का टायर पंक्चर होने पर अनियंत्रित हो गिट्टी लदे दूसरे ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे ट्रक के चालक को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। गिट्टी लदा ट्रक पलट जाने से एक घंटे तक पहाड़ी-राजापुर मार्ग बाधित रहा।
प्रतापगढ़ जनपद के लीलापुर गांव निवासी ट्रक चालक सूरज मिश्रा (32) पुत्र कमलेश कुमार शनिवार की सुबह सीमेंट लादने के लिए पहाड़ी होते हुए सतना की ओर जा रहा था। अशोह गांव के पास तेज आवाज के साथ टायर पंक्चर हो गया। जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और गिट्टी लेकर कौशांबी की ओर जा रहे ट्रक से जा टकराया। दुर्घटना में गिट्टी लदा ट्रक पलट गया। दोनों ट्रक चालक गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सूरज मिश्रा की मौत हो गई। मृतक के दो पुत्र, पत्नी प्रीती का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि दूसरे ट्रक का चालक प्रतापगढ़ के रजवापुर सैन्य निवासी दिनेश पटेल पुत्र सालिगराम को परिजन व ट्रक मालिक इलाज के लिए प्रयागराज ले गये हैं। इस घटना के बाद लगभग एक घंटे तक राजापुर-पहाड़ी मार्ग पर आवागमन बाधित रहा पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।