चित्रकूट। धर्मनगरी के लोगों का हवाई सफर का सपना मंगलवार को साकार हो गया। देवांगना एयरपोर्ट पर तीन बजकर 13 मिनट पर हवाई जहाज उतरा तो लोगों ने तालियां बजाकर खुशी का इजहार किया। इस पल के साक्षी बनने के लिए जनप्रतिनिधि, अफसर और साधु-संत भी मौजूद रहे। लखनऊ से आने और यहां से लखनऊ जाने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
मंगलवार को पहले ही दिन तय समय से लगभग तीन घंटे देरी से एयरकाफ्ट शाम तीन बजकर 13 मिनट पर हवाई पट्टी पर उतरा। विमान दोपहर साढ़े 11 बजे आना था। एयरबिग फ्लाइट के मालिक संजय मंडाविया ने बताया कि लखनऊ में कुछ तकनीकी समस्या के चलते देरी हुई है। इसकी सूचना यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी। फ्लाइट से कोलकाता के लल्लू गुप्ता, उन्नाव के किशन पाठक, भाजपा नेता रमेश अवस्थी, सचिन अवस्थी, डॉ. प्रियम, एयरपोर्ट के एमडी सहित दस लोग आए।
कामदनाथ के महंत मदन गोपाल दास ने यात्रियों को माला पहनाया। डीएम अभिषेक आनंद, एसपी अरुण कुमार सिंह, सीडीओ अमृतपाल कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, डीसीबी चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने यात्रियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया।