फोटो-13- बैठक में निर्देश देतीं एसडीएम आकांक्षा सिंह। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान का विरोध देख सोमवार को जिला प्रशासन ने व्यापारियों के साथ बैठक की। एसडीएम आकांक्षा सिंह के कार्यालय में हुई बैठक में नगर पालिका के ईओ, पुलिस टीम और व्यापारी नेताओं ने एसडीएम से सद्भाव पूर्ण तरीके से अभियान चलाने की मांग की। तय हुआ कि आवागमन व्यवस्थित रखने के लिए व्यापारी अड़ंगा न लगाएं, खुद अतिक्रमण हटा लें।
एसडीएम ने कहा कि शासन के आदेशों के अनुसार ही अतिक्रमण हटाने का काम किया जा रहा है। इससे शहर की सुंदरता और आवागमन में सुगमता होगी। किसी को परेशान नहीं करना है। साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिए कि चिह्नित स्थल तक खुद अतिक्रमण हटा लें।
ईओ रामअचल कुरील ने कहा कि ट्रैफिक चौराहे के सुंदरीकरण व चौड़ीकरण के लिए बीच सड़क से दोनों ओर 30-30 मीटर पर लाल निशान लगाया जाएगा। इस निशान के अंदर आ रहे सारे कब्जे हटाए जाएंगे। इस व्यवस्था में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी सहमत रहे। कहा कि जितनी जगह उनसे ली जाए उसके बाद की बाउंड्रीवाल बनवा दी जाए। एसडीएम ने कहा कि पालिका के इंजीनियर की मौजूदगी में निशान लगाया जाएगा। इसके बाद दुकानदारों को कुछ समय देकर खुद अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जाएगा।
इस मौके पर सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर, जलनिगम के अधिकारी, यातायात प्रभारी योगेश कुमार यादव, व्यापारी नेता अंकित पहारिया, सनी धतुरहा, विजय शुक्ला व राधेश्याम आदि मौजूद रहे।