चित्रकूट। सत्यापन कराकर ही योजना के अनुसार पेंशन दें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। आधार कार्ड का भी सत्यापन कराएं। यह निर्देश डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने दिए।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में खाद्यान्न वितरण, पेंशन सत्यापन, पीएम किसान सम्मान निधि, चकबंदी, खनन, गोशाला, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे निर्माण, पर्यटन विभाग के निर्माण कार्य की पाक्षिक समीक्षा आदि के संबंध में बैठक हुई। डीएम ने कहा कि 77 गांवों में चकबंदी कार्य चल रहे हैं। इनमें 12 को कब्जा दिलाने का लक्ष्य दिया गया है। कब्जा परिवर्तन कराएं। कार्य में औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 10 जून को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कराया गया था। इसमें शामिल होने से वंचित जोड़ों का विवाह 17 जून को निर्धारित किया गया है।
वैक्सीनेशन के संबंध में कहा कि इसमें और गति देने की जरूरत है। अभियान चलाकर मलिन बस्तियों में सैंपलिग कराई जाए। गेहूं खरीद के संबंध में बताया गया कि 15.69 प्रतिशत खरीद हुई है। डीएम ने कहा कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए गोशालाओं में समुचित व्यवस्थाएं कराएं। गुरुवार को 107 गोल्डन कार्ड बनाए जाने पर और प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अमित आसेरी, सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (डूडा) सत्यम मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, सीवीओ डा. सुभाष चंद्र, डिप्टी आरएमओ संजय श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।