चित्रकूट। बारिश और उमस के चलते संक्रामक रोग फैल रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने पर सभी बेड फुल हो गए। जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित आठ मरीजों को भर्ती करने के लिए अलग से बेड लगवाने पड़े।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में मऊ थाना क्षेत्र के चकअलैया की अनीता, शिवरामपुर के साहिल, मानिकपुर की मंजू, बूढ़ा सेमरवार के अनुराग, गोबरिया बुजुर्ग की पूजा, पहाड़ी की मनीषा, आबकारी विभाग में तैनात शिवसागर, सरधुवा के देवांश को डायरिया से पीड़ित होने पर परिजनों ने भर्ती कराया। इन मरीजों में चार तो 10 वर्ष व इससे कम उम्र के बच्चे हैं।
हाल ही में मानिकपुर के कल्याणगढ़, शिवरामपुर के बैहार और पहाड़ी के एक पुरवा में डायरिया और पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई थी। इन गांवों में डॉक्टरों की टीमों ने पहुंचकर इलाज किया। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एचसी अग्रवाल कहते हैं कि इन दिनों जो बच्चे बीमार हो रहे हैं, उनमें ज्यादातर प्रदूषित पानी पीने से हो रहे हैं। कुएं, तालाब, हैंडपंप व नल का पानी कहीं-कहीं प्रदूषित हो रहा है।