चित्रकूट/राजापुर। थाना सभागार में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में मात्र सात फरियादी ही पहुंचे। उसमें से दो शिकायतों का निस्तारण करने की बात कही गई। पांच के निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापारियों ने जर्जर सड़क की मरम्मत कराने को लेकर ज्ञापन दिया।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, एसपी अरुण कुमार सिंह समाधान दिवस में राजापुर पहुंचे। उनके सामने कुल सात फरियादी शिकायतें लेकर पहुंचे। डीएम व एसपी ने एक-एक शिकायतें सुन निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए ही निस्तारण करें। यह फरियादी दोबारा नहीं आने चाहिए। नहीं तो निस्तारण करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर फूलचंद यादव, सहायक चकबंदी अधिकारी राजीव कुमार दुबे, थाना प्रभारी लाखन सिंह, सदर लेखपाल अभय सिंह, चंद्रभान सिंह मौजूद रहे।
व्यापारियों ने जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग
उद्योग व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष शिवपूजन गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कस्बे के व्यस्ततम मार्ग देवी जी तिराहा से तुलसी चौक होते हुए यमुना पुल तक सड़क क्षतिग्रस्त है। बड़े-बड़े गड्ढों के चलते राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। मार्ग पर उड़ती धूल से स्कूली बच्चों को आंख, सांस लेने और आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है। साथ ही दुकानदारों का भी लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा है। मांग किया कि तत्काल सड़क के गड्ढा भराकर मरम्मत कराई जाए। इस मौके पर जुगराज केसरवानी, सतीश चंद्र मिश्रा, उमेश सोनी, सोनू मोदनवाल, अशोक सोनी, विनीत चतुर्वेदी आदि व्यापारी मौजूद रहे।
केस न- 1-
मानिकपुर - सुभाष नगर मानिकपुर निवासी सुमित्रा ने समाधान थाना दिवस में मानिकपुर थाने में दिए पत्र में आरोप लगाया कि पड़ोस कुछ युवक उसके घर में जबरन घुस आए। जमीन में कब्जा करने के उद्देश्य से खोदाई कर नाली बनाने लगे। इसका विरोध करने पर गाली गलौज करने लगे। मना करने पर घर से निकलने की धमकी दी। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
केस- दो- तरौंहा निवासी चंद्रिका प्रसाद, राजेश, केशलाल, नवल, नीलू ने समाधान थाना दिवस में कोतवाली थाने में दिए पत्र में कहा कि एक परिवार के सदस्य उनकी जमीन में जबरन कब्जा कर रहे है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।