बांदा।आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में मंडलीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। शिकायतकर्ता से संपर्क न करने की वजह से ज्यादातर शिकायतों में असंतुष्ट फीडबैक आ रहा है। आयुक्त ने ऐसे लापरवाह अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने गत दिनों आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान सितंबर माह में आईजीआरएस की 53 शिकायतें मंडलीय अधिकारियों को मिलीं। जिसमें फोन कॉल पर शिकायतकर्ता से संपर्क किया गया तो 44 का असंतुष्ट फीडबैक मिला। 28 शिकायतकर्ताओं ने कहा कि उनसे अधिकारी ने संपर्क भी नहीं किया।
इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन की सितंबर माह की समीक्षा में पाया गया कि 47 शिकायतें निस्तारण के लिए मंडल स्तरीय अधिकारियों को मिलीं। जिसमें 39 में शिकायतकर्ताओं से असंतुष्ट फीडबैक मिला। 11 शिकायतकर्ताओं का कहना था कि उनसे अधिकारियों ने संपर्क ही नहीं किया।
आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाह अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। आदेशों में कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश है कि अधिकारी शिकायत के निस्तारण में शिकायतकर्ता से संपर्क कर संतुष्टि प्रमाण पत्र लें। शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।