चित्रकूट। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर आधारित गोष्ठी बुधवार को शहर के चित्रकूट सेवा आश्रम मिशन रोड में हुई। जिसमे जिले के 15 समाजसेवी संस्थाओं के प्रमुख तथा विभिन्न ब्लाकों के 40 किसानों ने सहभागिता की। इस दौरान कृषि विभाग, बैंक, सीएससी के फसल बीमा से संबंधित विशेषज्ञों ने जानकारी दी। किसानों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करने के साथ ही उनकी आय को दोगुना करने के लिए चर्चा हुई।
कृषि विभाग के प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह ने समाजसेवी संस्थाओं के प्रमुखों से कहा कि क्षेत्र के लगभग पांच सैकड़ा गैर ऋ णी कृषकों की अधिसूचित फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने का प्रयास करें। जिससे शासन की मंशा के अनुरूप कृषकों की आय दोगुनी करने के लिए किसी भी प्राकृतिक, दैवीय आपदा या रोके न जा सकने वाले जोखिमों की स्थिति में फसल नष्ट होने पर उसकी भरपाई को क्षतिपूर्ति के रूप में कृषकों को धनराशि के रूप मे सहायता प्राप्त हो सके।
इक्रीसेट संस्था हैदराबाद और वेसिक्स कंसल्टिंग एवं टेक्नोलोजी सर्विसेज हैदराबाद के सहयोग से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत संचालन करते हुए सौरभ अवस्थी के द्वारा अधिक से अधिक गैर ऋणी कृषकों को उक्त योजना में पंजीकृत कराने के लिए चर्चा की गई। गोष्ठी में रघुराम, आरएस सोलंकी ने उक्त योजना की रबी अभियान 2019 रणनीति पर चर्चा की। इस मौके पर छत्रपति शाहू जी महाराज महाविद्यालय के प्रबंधक हरीशंकर सिंह, चित्रकूट सेवा आश्रम से डॉ. रमेशचन्द्र, नन्दी गोशाला के डॉ. बृंदावन सिंह, ग्रामीण विकास केन्द्र के डॉ. हीरालाल सिंह, आर्यावर्त बैंक कर्वी के बलवीर सिंह, साई जन जागृति संस्थान के मुराद खॉ आदि मौजूद रहे।