घटना की जानकारी देते मृतका के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट। घर के बाहर सफाई कर रही वृद्धा को पत्थर लदे अनियंत्रित डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दौड़कर डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के गदाखान निवासी गुजरतिया (55) घर के दरवाजे पर सफाई कर रही थी। उसी समय बेणी खदान की ओर से पत्थर लदा डंपर आया और वृद्धा को टककर मार दी।
वृद्धा की मौके पर ही सांस थम गई। गदाखान और आसपास के निवासी रमेश कुमार, जयचंद्र, मुन्नीलाल और केशर ने बताया कि पहाड़ों से अवैध पत्थर की ढुलाई रात भर चलती है। पुलिस की शह से अवैध ढुलाई करने वाले वाहन भी अनियंत्रित गति से गांव के अंदर दौड़ते हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।
थानाध्यक्ष आरएस द्विवेदी ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।