पकड़ा गया आरोपी ट्रक चालक दानिश खान।
- फोटो : amar ujala
क्रशर मिल में ट्रक लेकर घुसे नशेबाज चालक ने सो रहे दो मजदूरों को रौंद दिया। एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। अन्य मजदूरों ने चालक को पकड़ कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक कब्जे में लिया है।
कर्वी कोतवाली के चौकी क्षेत्र के रौली कल्याणपुर मार्ग पर गोंड़ा पतौड़ा गांव में त्रिवेंद्रजीत माइनिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी है। रविवार को कुछ मजदूर मिल में सो रहे थे तो कुछ खाना खा रहे थे। मिल मजदूर उमेश चंद्र ने बताया कि देर रात को गोंड़ा पतौड़ा निवासी चालक दानिश खान पुत्र रफीक खां शराब के नशे में धुत होकर आया और सीधे ट्रक पर सवार हो गया। अचानक ट्रक स्टार्ट किया और सीधे मिल के अंदर की ओर तेज गति से बढ़ गया। किनारे सो रहे मजदूर ताजगंज आगरा निवासी हबीब अहमद (50) पुत्र करामत अली व मुजफ्फरपुर बसंत (बिहार) निवासी इमरान खान (40) पुत्र अकबर को राैंदता हुआ ट्रक आगे बढ़ा। कुछ दूर पर बैठे मजदूर खाना खा रहे थे जो जोर से चिल्लाकर भागे और जान बचाई।
उधर, तेज गति से जा रहा ट्रक आगे जाकर मशीन से टकराकर पलट गया। दौड़कर पहुंचे मजदूरों ने चालक को दबोच लिया। सभी ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की। मजदूरों ने क्रशर मिल के सह मालिक नई दिल्ली बदरपुर निवासी मंजीत सिंह को सूचना दी। कस्बे में होने के चलते मंजीत तुरंत क्रशर मिल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
चौकी प्रभारी तपेश कुमार मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे और चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने चालक व ट्रक को अपने कब्जे में लेकर कर्वी कोतवाली पहुंची। पुलिस ने दोनों मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने हबीब के मौत की पुष्टि की और इमरान को रेफर कर दिया। मंजीत ने बताया कि घायल इमरान का जानकी कुंड अस्पताल में इलाज जारी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मजदूर उमेश चंद्र की तहरीर पर चालक दानिश खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।