पुलिस गिरफ्त में डकैतों के तीनों मददगार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मुठभेड़ के बाद जंगलों में गुम हुए डाकू बबुली कोल गैंग को पकड़ने की कवायद में जुटी पुलिस ने डकैतों के मददगारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को पुलिस ने दो प्रधानों समेत तीन लोगों को खाद्य सामग्री और दवाओं के साथ पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि ये लोग डाकुओं को ये सामान देने जा रहे थे।
सप्ताह भर पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के औदर जंगल में डाकू बबुली कोल गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। पुलिस अभी तक गैंग सरगना बबुली कोल और उसके सहायक लवलेश को तो गिरफ्तार नहीं कर पाई है, लेकिन डाकुओं के मददगारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को पप्पू और भोला को डाकुओं की मदद के आरोप में पुलिस ने जेल भेजा था।
गुरुवार को मारकुंडी थानाध्यक्ष शशी प्रकाश सिंह की टीम ने कांबिंग के दौरान टिपुरी बाबा नाला के पास जारोमाफी प्रधान महिपाल पुत्र मथुरा को पकड़ा। इसके अलावा करौंहा प्रधान तुलसी कोल पुत्र मोती लाल और उसके पुत्र राजेश कोल को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इनके पास से डाकू बबुली कोल गैंग की सहायता के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुएं, प्राथमिक उपचार की दवाएं और खाद्य सामग्री बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि यह सामग्री डकैतों को पहुंचाने जा रहे थे।