चित्रकूट। पांच लाख 30 हजार के इनामी डाकू बबुली कोल व उसके गैंग के दाहिने हाथ लवलेश कोल के सतना जिले में स्थित बरौंधा के आसपास इलाज कराने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने दो झोलाछाप को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ में दोनों डकैतों के घायल होने की बात सामने आई है। अब इन झोलाछाप के जरिए पुलिस डकैतों तक पहुंचने की फिराक में है। बुधवार को चित्रकूट एसपी ने सतना एसपी से मुलाकात की। उन्होंने डाकूओं के बारे में बातचीत की और सयुंक्त अभियान चलाने की रणनीति बनाई।
मालूम हो कि 24 अगस्त को मानिकपुर के औदर जंगल में डाकू बबुली कोल गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें एक दरोगा शहीद हो गए थे। पुलिस का दावा था कि गोली लगने से बबुली व लवलेश भी घायल हुए हैं, लेकिन कई दिनों की कांबिंग के बाद भी दोनों डकैतों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
इस पर जंगल में डटी फोर्स लौट आई। इसके बाद चित्रकूट एवं सीमावर्ती मध्य प्रदेश के सतना जिले की पुलिस संयुक्त रूप से छिटपुट तरीके से कांबिंग कर रही है। मंगलवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि घायल बबुली व लवलेश इन दिनों सतना जिले के बरौंधा इलाके में इलाज करा रहे हैं। इस पर चित्रकूट पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह फोर्स के साथ मारकुंडी जंगल होते हुए धारकुंडी पहुंचे। वहां कुछ लोगों से जानकारी ली। इसके बाद सतना एसपी राजेश हिंगडकर भी बरौंधा और फिर धारकुंडी पहुंचे। दोनों ने डकैतों के खात्मे को लेकर रणनीति बनाई।
बुधवार तड़के तक दोनों जिले की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कांबिंग की। सूत्रों की मानें तो घायल बबुली व लवलेश की तलाश में पुलिस ने बरौंधा के दो झोलाछाप को हिरासत में लिया है। चित्रकूट पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो झोलाछाप के हिरासत में लेने की पुुष्टि की है। उन्होेंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पूछताछ की जा रही है।