रोती-बिलखती मृतक की पत्नी, साथ में अन्य परिजन।
- फोटो : amar ujala
संदिग्ध हालात में ग्रामीण की मौत हो गई। पहली पत्नी व उसके परिजनों ने दूसरी पत्नी पर जहर पिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।
भरतकूप चौकी क्षेत्र के बैहार निवासी राजबहादुर (50) को बेहोशी हालत में गुरुवार शाम गांव के बाहर एक खेत में पाया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। शुक्रवार सुबह उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। राजबहादुर की पत्नी सुनैना देवी ने बताया कि उसकी शादी के लगभग 25 साल हो गए हैं।
डेढ़ माह पूर्व पति ने अपने ही रिश्तेदार की एक शादीशुदा महिला से दूसरी शादी कर ली थी। उसे भरतकूप में पंचर वाली दुकान में रखता था। इसकी जानकारी पूरे परिवार को थी। आशंका जताई है कि गुरुवार को जब पति भरतकूप से बैहार आने के लिए कहकर निकले थे, तभी दूसरी पत्नी गोमती ने उसे अज्ञात लोगों के साथ मिलकर जहर पिला दिया। इससे वह गांव पहुंचने के पहले ही बेहोश हो गया और अस्पताल में मौत हो गई। इसकी तहरीर भी भरतकूप चौकी में दी गई है।
उधर, दूसरी पत्नी ने आरोपों को गलत बताया है। गोमती देवी के अलावा दुकान के कर्मचारी भरतकूप निवासी इमाम बख्श ने बताया कि गुरुवार सुबह राजबहादुर भरतकूप स्थित दुकान से गांव जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद की जानकारी नहीं है। अस्पताल पहुंचने के बाद उसे जानकारी मिली तो वह अस्पताल गई थी। चौकी प्रभारी तपेश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल इस परिवार के लोग आपस में ही बातचीत कर रहे हैं। लिखित सूचना मिली है लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।
राजबहादुर भरतकूप कस्बे में बाइक साइकिल टायर पंचर बनाने का काम करता था। कस्बे में ही दुकान चलाता था। पहली पत्नी के सात पुत्री एक पुत्र है। इसके बावजूद उसने डेढ़ माह पूर्व दूसरी शादी की थी।