गंदगी में मौजूद मवेशी, बीमारी का ख्ातरा
- फोटो : अमर उजाला
सब्जी मंडी राख होने के बाद पुलिस बवालियों की पहचान में जुटी है। दूसरे दिन वीडियो व अन्य साक्ष्यों को पुलिस ने देखा। वहां मौजूद अन्य लोगों से भी वीडियो या अन्य साक्ष्य मांगे गए हैं। पुलिस का दावा है कि कुछ लोगाें की पहचान हो गई है, लेकिन जब मुख्य आरोपी मिलेगा, तभी सामूहिक कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि बुधवार की रात को शहर की सब्जी मंडी में आग लगने से 46 दुकानों की एक करोड़ से अधिक की संपत्ति राख हो गई थी। इसी दौरान कुछ बवालियों ने पुलिस पर पथराव कर पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया था। जिसमें आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश में वीडियो रिकार्डिंग व अन्य साक्ष्य टटोल रही है। रविवार को पुलिस टीम ने दो बार वीडियो रिकार्डिंग देखी। सीओ सिटी राजेश तिवारी का कहना है कि अभी मुख्य आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। बवालियों की पहचान के लिए स्थानीय लोगाें की मदद ली जाएगी।
लगातार दो दिन से बारिश होने के कारण राहत कार्य प्रभावित है। गंदगी व मलबा फैला होने से आवारा मवेशियों का डेरा जमा है। मौके से निकलने वाली दुर्गंध से संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा बना है। पूरी सब्जी मंडी में कुछ दुकानदार तो अपनी राख दुकानों को फिर से बनाने में जुटे हैं, लेकिन बारिश से उनके काम पर बाधा पहुंच रही है।