राजापुर(चित्रकूट)। गुजरात के चार मासूम समेत उनकी मां की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी दंपति की तलाश में पुलिस हवा में ही हाथ पैर मार रही है। सोमवार को एसपी ने दावा किया कि 48 घंटे के अंदर आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा अथवा न्यायालय में सरेंडर करेगा। आरोपियों के चारों ओर मजबूत रस्साकसी हो चुकी है।
सर्विलांस के सहारे बैठी पुलिस का दावा है कि आरोपी दंपति साथ-साथ हैं और अब जिला व यूपी नहीं बल्कि प्रदेश छोड़ने की तैयारी में है।
गौरतलब है कि मूल रूप से बिहार के पटना निवासी रानी देवी और उसके चार बच्चे पति के साथ गुजरात में रहते थे।
जहां से राजापुर के अमान निवासी अवधेश यादव से आंखे चार होने के बाद वह 18 अप्रैल को बच्चों समेत राजापुर आ गई। पुलिस के अनुसार जहां पांच दिन बाद अवधेश व उसकी पत्नी मंटू देवी ने मिलकर पांचों की हत्या कर शव बोरे में भरकर फेेंके थे।
इसके बाद से आरोपी दंपति गायब हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र ने बताया कि थोड़ा धैर्र्य रखें बस आरोपियों तक पुलिस पहुंच चुकी है। 48 घंटे के अंदर उसे दबोचा जाएगा। इसके लिए पुलिस टीमें गुजरात व बिहार के अलावा आस पास के जिलों में भी भेजी गई हैं।
आरोपी दो मोबाइल लिए हैं साथ ही अपनी पत्नी का भी मोबाइल प्रयोग कर रहा है। उसके अन्य किसी परिजन को परेशान नहीं किया जाएगा। पुलिस टीम ने आरोपी के भाई अवकेश व साले राजकरण को लेकर छिपनी,बरद्वारा, चिल्लीमल समेत जिला मुख्यालय में रहने वाले कुछ रिश्तेदारों के घर छापेमारी की है।
एक साथ एक फैक्ट्री में करते थे काम
चित्रकूट। पांच सामूहिक हत्याकांड का आरोपी अवधेश गुुजरात में जिस शू कंपनी में काम करता था उसी में मृतका रानी देवी का पति सत्यानंद उर्फ दिलीप भी काम करता था। अवधेश मजदूरों को उपलब्ध कराने का काम करता था। यहीं से उसकी दोस्ती हुई फिर वह उसके घर तक पहुंचा था।
पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह के अनुसार मृतका के पति के नाम मेें कुछ संदेह है। जिसका रिकार्ड देखा जा रहा है। एक टीम गुजरात पहुंच चुकी है। यह परिवार बिहार के पटना जिले का रहने वाला था।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक से लेकर स्थानीय पुलिस की नाकामी से ही मुख्य आरोपी फरार हैं। पुलिस सिर्फ कागज में काम कर रही है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने कहा कि पांच हत्याएं जिले में एक ही रात में होना कानून व्यवस्था की पोल खोलता है।
मारने की वजह मकान तो नहीं
चित्रकूट। अवधेश व उसकी पत्नी ने यदि रानी व उसके चार बच्चों को निमर्मता से मारा तो उसके पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। सीओ महेंद्र शुक्ला ने बताया कि गवाह के अनुसार रात को जब पूरे परिवार की बातें हो रहीं थी तो इस अर्द्धनिर्मित मकान की चर्चा हुई।
जिसमें रानी देवी ने कहा था कि यह मकान उसके रुपये से बना है तो इस पर उसका अधिकार है। वह बच्चों के साथ इसी मकान में रहेगी। इसी बात को लेकर कुछ विवाद भी हुआ था।