अज्ञात कारणों के चलते ग्रामोदय विश्वविद्यालय के छात्र के कमरे में घुसकर चार युवकों ने जमकर पिटाई की। जानकारी पाकर सहपाठियों ने पुलिस चौकी में जाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए हंगामा काटा। इसके बाद पुलिस ने चार पर रिपोर्ट दर्ज कर घायल को मेडीकल परीक्षण के लिए भेजा है। उधर, विनायकपुर गांव में पड़ोसियों ने मां-बेटी को पीटा। आरोपी दंपति व पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
बांदा के बबेरू परसौली निवासी सुरेश कुमार पुत्र राजकुमार, महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय में एमएसडब्ल्यू तृतीय सेमेस्टर का छात्र है। रविवार रात वह सीतापुर स्थित किराए के मकान में सो रहा था। तभी चार युवक आए और उसे जगाकर बाहर बुलाया। जैसे की वह बाहर पहुंचा तभी चारों युवक उसे पकड़कर अंदर ले गए और जमकर लात घूंसों से पिटाई की।
इसके बाद घर से बाहर तक घसीटकर लाए और गालीगलौज कर भाग निकले। घटना की जानकारी होते ही छात्र के एक दर्जन सहपाठी आ गए और घायल को सीतापुर पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग पर हंगामा भी किया। पिटे छात्र ने बताया कि वह दो हमलावरों को पहचानता है और विवाद का कारण समझ नहीं आ रहा।
वैसे कुछ दिन पहले विश्वविद्यालय के एक शिक्षक के खिलाफ जरूर बयान दिया था जिससे कुछ लोग नाराज थे। सोमवार को प्रभारी कोतवाल प्रदीप यादव ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया है।
उधर, विनायकपुर गांव की उमादेवी ने आरोप लगाया कि पुराने विवाद के चलते पड़ोसी शिवकुमार व उसकी पत्नी रविवार की शाम उसके घर के सामने खड़े होकर गाली दे रहे थे। विरोध करने पर घर में घुसकर उसकी बहन व मां को मारा-पीटा। सोमवार को आरोपी पति पत्नी व उसके पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।