सहारनपुर के मोहल्ला शिव विहार में युवती से चेन और मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन युवकों को लोगों ने मौके से पकड़ लिया। लोगों ने जमकर धुनाई की, लेकिन एक आरोपी चकमा देकर फरार हो गया, जबकि दो को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया।
सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिव विहार निवासी एक युवती सोमवार की शाम को बाजार से लौट रही थी। उसी समय बाइक पर तीन युवक आए और चाकू से युवती को आतंकित कर युवती के गले से सोने की चेन एवं उसका मोबाइल लूट लिया।
लेकिन बाइक सवार युवक फरार हो पाते उसे पहले ही युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आए लोगों ने तीनों युवकों को घेर कर दबोच लिया। लोगों ने तीनों की जमकर खबर ली और पुलिस को सूचना दी।
इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंच पाती, उनमें से एक युवक लोगों को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। जबकि दो आरोपियों को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम विकास एवं विक्की निवासी मनानी थाना रामपुर बताया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फरार हुए तीसरे आरोपी के बारे में भी जानकारी की जा रही है।